Home » शिक्षा » गुरु नानक देव जयंती और गुरु तेग बहादुर बलिदान दिवस पर कार्यक्रम आयोजित

गुरु नानक देव जयंती और गुरु तेग बहादुर बलिदान दिवस पर कार्यक्रम आयोजित

Share This :

सिकंदराबाद। गुलावठी रोड स्थित दयावती दीवान सिंह शुक्ला सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में सोमवार को गुरु नानक देव जी की जयंती एवं गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान दिवस के उपलक्ष्य में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों के लिए जनगणना विषय पर अंग्रेजी वाद-विवाद प्रतियोगिता भी कराई गई।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विपिन कुमार ने गुरु नानक देव जी के जीवन और विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने समाज को एकता, समानता, प्रेम, सद्भाव और मानव सेवा का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को सही दिशा प्रदान करते हैं। इस अवसर पर गुरु तेग बहादुर जी के अद्वितीय बलिदान को भी याद किया गया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव गुप्ता ने कहा कि गुरु नानक देव महान संत, आध्यात्मिक चिंतक और समाज सुधारक थे। उन्होंने जाति-पाति, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता की सेवा का मार्ग दिखाया। वहीं, गुरु तेग बहादुर जी का बलिदान त्याग, साहस और धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा का अनुपम उदाहरण है। विद्यार्थियों को महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर सेवा, समर्पण, सहिष्णुता और राष्ट्रप्रेम जैसे गुण अपनाने चाहिए।

कार्यक्रम के अंतर्गत जनगणना (Census) विषय पर अंग्रेजी वाद-विवाद प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साह और आत्मविश्वास के साथ प्रतिभाग करते हुए विषय के पक्ष और विपक्ष में अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता का संचालन आचार्या अलका शर्मा ने किया।

अंत में प्रधानाचार्य राजीव गुप्ता ने प्रतिभागी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं आत्मविश्वास, तार्किक चिंतन और व्यक्तित्व विकास को नई दिशा प्रदान करती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी शैक्षिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन महापुरुषों के आदर्शों को जीवन में अपनाने और राष्ट्र एवं समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के संदेश के साथ हुआ।


 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें