मंदिरों में आकर्षक सजावट और रोशनी रही आकर्षण का केंद्र, आधी रात को जन्मोत्सव के बाद हुई विशेष आरती
सिकंदराबाद: नगर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व शुक्रवार रात श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के दौरान मंदिरों में शंखनाद, घंटा-घड़ियाल और आरती की गूंज सुनाई दी। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप का पंचामृत से अभिषेक कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान मंदिर परिसर ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से गूंज उठे।

नगर के प्रमुख मंदिरों में जन्माष्टमी को लेकर विशेष सजावट की गई थी। रामबाड़ा स्थित मोहन बाबा मंदिर, रामबाड़ा चुंगी शिव मंदिर, किशन तालाब स्थित राधा-कृष्ण मंदिर, केसरीवाड़ा स्थित श्रीकृष्ण बलदेव मंदिर, झारखंडी स्थित झारखंडेश्वर मंदिर, विजय द्वार स्थित देवी मंदिर, होली मेला रोड स्थित श्री बालाजी महाराज मंदिर, चौधरीवाड़ा स्थित शक्ति मंदिर, इच्छा वाला मंदिर और हनुमान चौक स्थित हनुमान मंदिर में आकर्षक विद्युत सजावट श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रही।
झांकियों ने मोहा मन
मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप, राधा-कृष्ण के नृत्य और रासलीला से जुड़ी मनमोहक झांकियां सजाई गईं। विजय द्वार स्थित देवी मंदिर में बनाई गई बर्फ की गुफा विशेष आकर्षण रही। वहीं मोहन बाबा मंदिर में सजाई गई झांकी देखने के लिए देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।

भजनलाल मंदिर में बाहर से आए कलाकारों ने भजनों की प्रस्तुति दी। भक्ति गीतों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते नजर आए। रानी वाली गली में आयोजित मटकी फोड़ कार्यक्रम में भी लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया।

मेले में देर रात तक रही भीड़
रामबाड़ा क्षेत्र में लगे मेले में झूले, चाट-पकौड़ी और खिलौनों की दुकानों पर देर रात तक लोगों की भीड़ रही। बच्चों ने झूलों और खिलौनों का आनंद लिया, जबकि परिवारों ने मेले में खान-पान का लुत्फ उठाया। धार्मिक आयोजनों के साथ मेले में भी लोगों ने जमकर खरीदारी की।

रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के बाद मंदिरों में विशेष आरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं को माखन-मिश्री, पंजीरी, फल और अन्य प्रसाद वितरित किया गया।
सुरक्षा को लेकर पुलिस रही सतर्क
जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। प्रमुख मंदिरों, रामबाड़ा मेले और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस अधिकारियों ने लगातार गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही भीड़ वाले स्थानों पर शरारती तत्वों पर नजर रखी गई।




