सिकंदराबाद: कोतवाली क्षेत्र के गांव बिशनपुर में मंगलवार सुबह स्कूल बस के नाले की पुलिया से टकराने को लेकर शुरू हुआ विवाद दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष में बदल गया। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के लोगों पर मकान की छत से फायरिंग करने का आरोप लगाया है। घटना में गोली लगने से दो लोग और छर्रे लगने से सात लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए राजकीय संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया। गंभीर हालत के चलते एक घायल को हायर सेंटर रेफर किया गया है।

पुलिया से बस टकराने के बाद शुरू हुआ विवाद
गांव बिशनपुर निवासी नरेंद्र के अनुसार, मंगलवार सुबह स्कूल की बस उनके मकान के बाहर नाली पर बनी पुलिया से टकरा गई। इसको लेकर उन्होंने विरोध जताया। आरोप है कि इसी बात को लेकर पड़ोस में रहने वाले परिवार के लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
नरेंद्र का आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोग उनसे रंजिश मानते हैं। गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपियों ने अपने मकान की छत से अवैध हथियारों से फायरिंग कर दी।
गोली और छर्रे लगने से परिवार के 9 लोग घायल
फायरिंग में गोली और छर्रे लगने से नरेंद्र, उनके भाई नीरज, सत्येंद्र, तीनों भाइयों की पत्नी रेखा, रिकेश, सोनिका, नीलम और अंकुश समेत परिवार के कुल नौ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस की मदद से राजकीय संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया गया।
घायलों में नीलम की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसके चलते चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। सीओ दीपक कुमार तिवारी ने बताया कि दो पक्षों के बीच फायरिंग का मामला सामने आया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। जांच में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की जांच के बाद ही फायरिंग की वास्तविक वजह और घटना में शामिल लोगों की भूमिका पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।




