सिकंदराबाद। रेलवे रोड स्थित बाबू बोधराज कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल (बीबीसी स्कूल) की अंडर-15 क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम एमएस अंडर-15 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया। गाजियाबाद स्थित एबीईएस इंजीनियरिंग कॉलेज ग्राउंड पर खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में बीबीसी स्कूल की टीम ने जीएनसीसी ग्रेटर नोएडा को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
गेंदबाजों के आगे 76 रन पर सिमटी विपक्षी टीम
फाइनल मुकाबले में जीएनसीसी ग्रेटर नोएडा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बीबीसी स्कूल के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विपक्षी टीम को महज 76 रन पर ऑलआउट कर दिया।
बीबीसी की ओर से कक्षा 12वीं के छात्र काजिम ने घातक गेंदबाजी करते हुए चार विकेट हासिल किए, जबकि कक्षा 10वीं के सौरिश चोपड़ा ने दो महत्वपूर्ण विकेट झटके। जीएनसीसी की ओर से कृष्ण ने 24 और विक्रांत ने 19 रन बनाए।
एक विकेट खोकर हासिल किया लक्ष्य
76 रनों के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी बीबीसी स्कूल की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए महज एक विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। काजिम ने नाबाद 41 रन, जबकि सौरिश चोपड़ा ने 30 रन की बेहतरीन पारी खेली और टीम को आसान जीत दिलाई।
सेमीफाइनल में 154 रन से दर्ज की थी जीत
बीबीसी स्कूल की टीम का टूर्नामेंट में प्रदर्शन लगातार शानदार रहा। लीग मुकाबलों में टीम ने टीएनएम, ऋषभ पब्लिक स्कूल और डक्सी इलेवन जैसी दिल्ली-एनसीआर की टीमों को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
सेमीफाइनल मुकाबले में बीबीसी स्कूल का सामना दिल्ली के अर्वाचीन स्कूल से हुआ, जहां टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 154 रन से बड़ी जीत दर्ज की और फाइनल में प्रवेश किया।
व्यक्तिगत पुरस्कारों में भी बीबीसी खिलाड़ियों का दबदबा
टूर्नामेंट में बीबीसी स्कूल के खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत पुरस्कारों में भी शानदार प्रदर्शन किया।
- सौरिश चोपड़ा — बेस्ट बॉलर ऑफ द टूर्नामेंट
- काजिम — मैन ऑफ द सीरीज
- उमंग बाना — बेस्ट बैट्समैन ऑफ द टूर्नामेंट
- नितिन यादव — बेस्ट फील्डर ऑफ द टूर्नामेंट
विद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों को दी बधाई
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि परशुराम चोपड़ा मौजूद रहे। स्कूल के निदेशक राम चोपड़ा और बीबीसी क्रिकेट टीम के कोच विजय सक्सेना सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य भी मैदान पर उपस्थित रहे।
बीबीसी स्कूल की टीम की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल रहा। शानदार प्रदर्शन के बाद खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को बधाई दी गई।




