बुलंदशहर। प्रदेश में लगातार बढ़ रहे स्वाइन फ्लू के मामलों के बीच बुलंदशहर के निवासियों में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। हालांकि, राहत की बात यह है कि जिले से जुड़े स्वाइन फ्लू के सभी 15 मरीज पूरी तरह ठीक हो चुके हैं।

हाल ही में लखनऊ स्वास्थ्य पोर्टल पर पांच नए मरीजों का विवरण अपडेट किया गया, जिससे बुलंदशहर के मूल निवासी मरीजों की कुल संख्या 15 हो गई है। तीन दिन पहले शासन की ओर से 10 मरीजों की पुष्टि की गई थी। ये सभी मरीज नोएडा, दिल्ली, गाजियाबाद और आगरा जैसे शहरों में नौकरी या व्यवसाय करते हैं और वहीं संक्रमित हुए थे। नए अपडेट के अनुसार अनूपशहर के दो, बुलंदशहर शहर व अगौता का एक-एक मरीज नोएडा में तथा गुलावठी की एक महिला आगरा में संक्रमित पाई गई थी। स्वास्थ्य विभाग ने पुष्टि की है कि ये सभी मरीज इलाज के बाद स्वस्थ हो चुके हैं।

अस्पतालों में अलग फ्लू वार्ड व ओपीडी बनाने के निर्देश मामलों को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) सभागार में सभी मेडिकल अधिकारियों की बैठक बुलाई गई। नोडल अधिकारी रमित कुमार ने बताया कि जिले में बचाव और रोकथाम की लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी मेडिकल प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं ।
घबराएं नहीं, सतर्क रहें: सीएमओ सीएमओ डॉ. सुनील कुमार दोहरे ने बताया कि जिले में अब तक दर्ज सभी 15 मामले अन्य जिलों से स्थानांतरित होकर आए हैं और सभी मरीज ठीक हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि आगे भी नए मामले सामने आने पर मरीजों की नियमित निगरानी की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे स्थिति से घबराएं नहीं बल्कि सावधानी बरतें।
बचाव के लिए मुख्य सुझाव:
- भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाते समय मास्क का प्रयोग करें।
- तेज बुखार, खांसी, जुकाम या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत सरकारी अस्पताल में जांच कराएं।




