सिकंदराबाद: नगर के जेएस पीजी कॉलेज में सोमवार को हिंदी दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रो. वैभव जैन तथा मुख्य अतिथियों वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. जयप्रकाश कर्दम, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के प्रो. कमलानंद झा और एमएमएच कॉलेज गाजियाबाद की प्रो. गीता शर्मा ने मां शारदे के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में हिंदी की संवैधानिक स्थिति, वर्तमान चुनौतियों और भाषा के भविष्य को लेकर वक्ताओं ने अपने विचार रखे। वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. जयप्रकाश कर्दम ने हिंदी की संवैधानिक स्थिति पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को हिंदी की उपयोगिता और अधिकाधिक प्रयोग के प्रति जागरूक किया।
वहीं विशिष्ट वक्ता प्रो. कमलानंद झा ने कहा कि वर्तमान समय में हिंदी के सामने सबसे बड़ी चुनौती देवनागरी लिपि को बचाए रखने की है। कॉरपोरेट जगत, सिनेमा-टेलीविजन और युवाओं के बीच रोमन लिपि में हिंदी लिखने का चलन तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हिंदी को जनभाषा के रूप में सहज और सरल बनाए रखना भी जरूरी है। क्लिष्ट हिंदी के अधिक प्रयोग से भाषा का जनप्रवाह प्रभावित हो सकता है।
प्रो. गीता शर्मा ने कहानी पाठ की प्रभावशाली प्रस्तुति से कार्यक्रम में समां बांध दिया। महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने भी काव्य पाठ प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। एमए हिंदी के विद्यार्थियों रिया यादव, आरती शर्मा, अजीत, बॉबी, भुवनेश्वर, शालू और तन्नू सहित अन्य विद्यार्थियों ने भावपूर्ण प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम का संयोजन डॉ. मयंक सक्सेना ने किया, जबकि संचालन हिंदी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. नवीन कुमार ने किया।
इस अवसर पर प्रो. विनोद यादव, प्रो. लोकेश कुमार, डॉ. गीता शेखावत, डॉ. अरविंद कुमार, दीपक द्विवेदी, डॉ. भारत भूषण शर्मा, डॉ. वरुण त्यागी, डॉ. श्वेता शर्मा और डॉ. प्रीति सक्सेना सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।




