सिकंदराबाद: सिकंदराबाद विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक लक्ष्मीराज सिंह के नाम, फोटो और पहचान का गलत इस्तेमाल कर सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाने और फेसबुक, इंस्टाग्राम पर फर्जी सूचनाएं चलाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिकंदराबाद निवासी गौरव भाटिया ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि विधायक लक्ष्मीराज सिंह की सामाजिक एवं राजनीतिक छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। आरोप है कि सोशल मीडिया पर विधायक के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर फर्जी अकाउंट और पेज संचालित किये जा रहा हैं। जिससे विधायक की सार्वजनिक प्रतिष्ठा का दुरुपयोग कर फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट एवं पेज पर भ्रामक सामग्री प्रसारित की जा रही है। इतना ही नहीं झूठ एवं गंभीर भ्रष्टाचार संबंधी आरोप लगाकर जनता को भ्रमित किया जा रहा है। कोतवाल शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सोशल मीडिया अकाउंट से जुड़ी जानकारी जुटाने के साथ ही फर्जी अकाउंट संचालित करने वालों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।



