सिकंदराबाद: रेलवे रोड स्थित बाबू बोधराज कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल (बीबीसी स्कूल) की क्रिकेट टीम ने नोएडा के 7 स्पोर्ट्स पार्क में आयोजित अंडर-16 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया। फाइनल मुकाबले में बीबीसी स्कूल की टीम ने डीएस क्रिकेट एकेडमी गाजियाबाद को 170 रन से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। टूर्नामेंट में स्कूल के खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में शानदार प्रदर्शन किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बीबीसी स्कूल की टीम ने निर्धारित 35 ओवर में 271 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से कक्षा 12वीं के छात्र काजिम ने 97 रन की शानदार पारी खेली। वहीं, कक्षा 10वीं के छात्र नितिन ने 63 रन और सौरिश चोपड़ा ने 32 रन का योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीएस क्रिकेट एकेडमी गाजियाबाद की टीम बीबीसी स्कूल के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 101 रन पर सिमट गई। बीबीसी स्कूल की ओर से सौरिश चोपड़ा ने तीन विकेट और कक्षा 12वीं के छात्र अभय ने दो विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई। विपक्षी टीम की ओर से अथर्व ने 18 और यशस्वी ने 16 रन बनाए।
लीग मुकाबलों में भी दिखाया दम
बीबीसी स्कूल की टीम ने फाइनल तक के सफर में लीग मुकाबलों में भी शानदार प्रदर्शन किया। टीम ने जेके क्रिकेट एकेडमी, आदित्य स्पोर्ट्स नेटवर्क और डीएस क्रिकेट एकेडमी गाजियाबाद जैसी मजबूत टीमों को हराकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
डीएस क्रिकेट एकेडमी के खिलाफ लीग मुकाबले में भी बीबीसी स्कूल ने नौ विकेट से बड़ी जीत दर्ज की थी। पहले बल्लेबाजी करते हुए डीएस क्रिकेट एकेडमी ने 172 रन का लक्ष्य दिया था। जवाब में बीबीसी स्कूल ने महज 24 ओवर में एक विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस मुकाबले में सौरिश चोपड़ा ने नाबाद 102 रन की शानदार पारी खेली। नितिन यादव ने 33 और उमंग बाना ने 29 रन बनाकर टीम की जीत में योगदान दिया।
सौरिश चोपड़ा बने मैन ऑफ द टूर्नामेंट
टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए बीबीसी स्कूल के खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कारों से भी सम्मानित किया गया। कक्षा 10वीं के छात्र सौरिश चोपड़ा को मैन ऑफ द टूर्नामेंट और कक्षा नौवीं के छात्र उमंग बाना को बेस्ट फील्डर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार मिला।
टीम की इस उपलब्धि पर स्कूल के प्रबंधक परशुराम चोपड़ा, निदेशक राम चोपड़ा और गौरव चोपड़ा ने खिलाड़ियों की सराहना की। प्रबंधक परशुराम चोपड़ा ने कहा कि खेल बच्चों में अनुशासन, टीम भावना और कठिन परिस्थितियों में आगे बढ़ने का जज्बा पैदा करते हैं। खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और लगन से विद्यालय और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है।
निदेशक राम चोपड़ा ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उन्हें इसी लगन और एकाग्रता के साथ आगे बढ़कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने का प्रयास करना चाहिए।
इस अवसर पर बीबीसी स्कूल क्रिकेट टीम के कोच विजय सक्सेना सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे। सभी ने विजेता खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।




