सिकंदराबाद। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ द्वारा घोषित बीएड सत्र 2025-27 के प्रथम वर्ष के परीक्षा परिणाम में जेएस पीजी महाविद्यालय, सिकंदराबाद की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। परीक्षा में श्वेता गौतम ने 77.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, हर्षिता सिंह और मनीषा लोधी ने 75 प्रतिशत अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि फरहीन 74.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरे स्थान पर रहीं।
बीएड विभाग की प्रभारी एवं असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. गीता शेखावत ने परीक्षा परिणाम की जानकारी देते हुए बताया कि महाविद्यालय की अधिकांश छात्राओं ने 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। छात्राओं की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के संरक्षक नितिन भटनागर ने बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सफलता किसी भी शैक्षणिक संस्थान की सबसे बड़ी उपलब्धि होती है। छात्राओं ने अपनी मेहनत और लगन से साबित किया है कि दृढ़ संकल्प एवं निरंतर प्रयास से उत्कृष्ट लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
महाविद्यालय की सचिव रचना भटनागर ने सफल छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि छात्राओं की मेहनत, लगन, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर वैभव जैन ने कहा कि परीक्षा परिणाम छात्राओं की शैक्षणिक प्रतिभा, समर्पण और निरंतर परिश्रम का प्रमाण है। शिक्षक-प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल विषयगत ज्ञान देना ही नहीं, बल्कि भावी शिक्षकों में नैतिक मूल्यों, संवेदनशीलता, रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता का विकास करना भी है।
महाविद्यालय परिवार ने सफल छात्राओं, उनके अभिभावकों और बीएड विभाग के शिक्षकों को बधाई देते हुए छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




