Home » प्रशासन » सिकंदराबाद: मिशन शक्ति केंद्र का हुआ जीर्णोद्धार, सुविधाओं में हुआ इजाफा

सिकंदराबाद: मिशन शक्ति केंद्र का हुआ जीर्णोद्धार, सुविधाओं में हुआ इजाफा

Share This :

सिकंदराबाद: महिला सुरक्षा और सहायता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में सिकंदराबाद कोतवाली स्थित मिशन शक्ति केंद्र का सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार कराया गया। मंगलवार रात करीब आठ बजे आयोजित कार्यक्रम में जीर्णोद्धार के बाद केंद्र को नए स्वरूप में शुरू किया गया।

मिशन शक्ति केंद्र में महिला फरियादियों और महिला पुलिसकर्मियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्वच्छ पेयजल और आधुनिक वॉशरूम समेत कई मूलभूत सुविधाओं में इजाफा किया गया है। इससे केंद्र पर आने वाली महिलाओं को अधिक सुरक्षित, सहज और सुविधाजनक वातावरण मिल सकेगा।

काउंसलिंग और महिला योजनाओं की मिलेगी जानकारी

महिला संबंधी शिकायतों के संवेदनशील और प्रभावी निस्तारण के लिए केंद्र प्रभारी उपनिरीक्षक शीबा को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। वह पीड़ित महिलाओं की काउंसलिंग करने के साथ ही उन्हें शासन की विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी देंगी।

SSP ने महिला पुलिसकर्मियों को स्वयं परोसा भोजन

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने महिला पुलिसकर्मियों के प्रति आत्मीयता का परिचय देते हुए स्वयं उन्हें भोजन परोसा। इस दौरान अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी महिला पुलिसकर्मियों के साथ भोजन किया। अधिकारियों के इस व्यवहार को कार्यक्रम का विशेष आकर्षण माना गया।

महिला हितैषी पुलिसिंग पर जोर

मिशन शक्ति केंद्र के जीर्णोद्धार के साथ पुलिस विभाग की ओर से महिला फरियादियों को सुरक्षित, सहज और सम्मानजनक माहौल उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए महिला सुरक्षा और शिकायतों के त्वरित निस्तारण को प्राथमिकता देने की बात कही।

कार्यक्रम में आईपीएस अंतरिक्ष जैन, आईपीएस प्रेमसुख दरिया, एसपी सिटी अभिषेक प्रताप अजेय, एसपी क्राइम नरेश कुमार और सीओ प्रखर पांडेय समेत पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

टॉप स्टोरी

ज़रूर पढ़ें